भाजपा जिलाध्यक्ष और अधिवक्ता के बीच कथित ऑडियो वायरल, मुकदमा दर्ज कराने की मांग
जौनपुर, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत कुमार प्रजापति और अधिवक्ता सुरेंद्र प्रजापति के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल ऑडियो में दोनों पक्षों के बीच कथित रूप से तीखी नोकझोंक और अपशब्दों का प्रयोग सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
मामले को लेकर अधिवक्ता सुरेंद्र प्रजापति ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।वहीं इस मामले में शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत कुमार प्रजापति ने पूरे प्रकरण को पुराना विवाद बताते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति पिछले कई वर्षों से लगातार उनके खिलाफ अनर्गल बातें करता रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा की मंडल अध्यक्षों की सूची जारी हुई थी, जिसमें नाम शामिल न होने के कारण वह नाराज है। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति का संबंध पहले से अन्य राजनीतिक दलों से रहा है और वह स्वयं को प्रजापति समाज का नेता बताकर विवाद खड़ा करता रहता है।अजीत कुमार प्रजापति ने कहा कि बातचीत के दौरान लगातार उकसावे की स्थिति बनी, जिसके कारण गुस्से में कुछ शब्द निकल गए, जिसका उन्हें खेद है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या विवाद को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।उन्होंने यह भी कहा कि सुरेंद्र प्रजापति मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के निवासी हैं और जौनपुर भाजपा संगठन में किसी पद पर नियुक्ति का प्रश्न ही नहीं उठता। फिलहाल मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

