हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता से संवाद संगठन का लक्ष्य : रामकिशोर साहू

WhatsApp Channel Join Now
हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता से संवाद संगठन का लक्ष्य : रामकिशोर साहू


कानपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा वार्डों और शक्ति केंद्रों पर चौपाल लगाएगी। इन कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। संगठन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान कराने की दिशा में काम करना है।

यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय अभियान प्रमुखों की बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कहीं।

रामकिशोर साहू ने कहा कि महानगरों में वार्ड स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में शक्ति केंद्रों पर चौपाल आयोजित की जाएंगी। इनमें जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंच कर मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुना जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्र, जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारियों को बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी बूथ इस कार्यक्रम से छूटना नहीं चाहिए।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बूथ समितियों के सदस्य अपने-अपने बूथ पर मतदाता सूची का वाचन करेंगे। इसके जरिए मतदाता सूची के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। यह यात्रा 29 नवंबर को इटावा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम के बाद 30 नवंबर को औरैया और कानपुर देहात होते हुए कानपुर आएगी। यहां यात्रा का स्वागत करने के साथ जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे। यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच निरंतर संपर्क जरूरी है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को समय से पूरा कराएं। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पवन प्रताप सिंह, राजेश पटेल, आदित्य त्रिवेदी, वीरेंद्र तिवारी, रीता कठेरिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, हर्ष द्विवेदी, पंकज गुप्ता, पवन पांडेय सहित क्षेत्रीय अभियान प्रमुख और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story