चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथों को मजबूत करने पर जोर : शिवराम सिंह

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथों को मजबूत करने पर जोर : शिवराम सिंह


कानपुर, 08 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए शक्ति केंद्र और बूथ समितियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। यह बातें भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने समीक्षा बैठक में कही।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण द्वारा एक मई से दस मई तक चलाए जा रहे शक्ति केंद्र सत्यापन अभियान की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में अभियान की प्रगति, संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता ही इसकी असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि जहां नए बूथ और शक्ति केंद्र बढ़े हैं वहां नई समितियों का गठन किया जाएगा। जबकि पुरानी समितियों का दोबारा सत्यापन कर उन्हें और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ भाजपा की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने बूथ को मजबूत बनाए। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में बूथ समितियों की अहम भूमिका होती है।

बैठक में अभियान से जुड़े पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया और आगामी दिनों में सत्यापन अभियान को और तेज करने पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों को समयबद्ध तरीके से सत्यापन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अंकुर गुप्ता, विक्की मुरजानी, मधु तिवारी, सुरेंद्र चौहान, जितेंद्र सचान, सुरेश मोदी, वजुला तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story