भाजपा ने अनुसूचित समाज को सम्मान और सुरक्षा दी : अशोक रावत

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने अनुसूचित समाज को सम्मान और सुरक्षा दी : अशोक रावत


कानपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अनुसूचित समाज को केवल वोट बैंक नहीं माना, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और सर्वोच्च प्रतिनिधित्व दिया है। 2027 के विधानसभा चुनाव में समाज सपा के कुशासन का जवाब देगा। यह बातें शुक्रवार को कानपुर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत के कानपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के बीच पहुंचाने का आह्वान किया।

अशोक रावत ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के पंचतीर्थों का विकास कराया गया और अनुसूचित समाज को राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, महापौर तथा अन्य संवैधानिक एवं जनप्रतिनिधि पदों तक पहुंचाने का काम भाजपा ने किया है।

उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने बाबा साहेब और संविधान का सम्मान नहीं किया, वे आज संविधान की रक्षा की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब की उपेक्षा की, जबकि भाजपा ने उनके विचारों को सम्मान देने का कार्य किया।

बैठक की अध्यक्षता विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने की, जबकि संचालन सलिल कांत श्रीवास ने किया। इस दौरान राधेश्याम पांडे, रामलखन रावत, उपेंद्र पासवान, किशनलाल सुदर्शन, विधायक सरोज कुरील, पूर्व विधायक निर्मला शंखवार, पूर्व विधायक कमलेश दिवाकर सहित कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story