विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन का नहीं पड़ेगा असर : गिरीश चंद्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन का नहीं पड़ेगा असर : गिरीश चंद्र यादव


जौनपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अगामी साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए के नए फॉर्मूले (पढ़ाई, दवाई और आमदनी) तथा रोजगार के वादों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा का घोषणा पत्र छलावे और असत्य पर आधारित है। वर्ष 2012 से 2017 तक की सरकार में किए गए वादे भी पूरे नहीं किए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं को रोजगार देने का दावा करने वाले अखिलेश यादव बेरोजगारी भत्ता देने की बात क्यों कर रहे हैं।

गिरीश चंद्र यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 10.30 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि निजी क्षेत्र और एमएसएमई के माध्यम से ढाई करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने वर्ष 2017, 2019 और 2022 के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन के बावजूद भाजपा ने चुनावी सफलता हासिल की है।

कांग्रेस की ओर से राजनीतिक मामलों और चुनाव संचालन समितियों के गठन पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story