भाजपा स्थापना दिवस 6 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा स्थापना दिवस 6 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा : प्रकाश पाल


कानपुर, 27 मार्च (हि.स.)। छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस पूरे क्षेत्र में उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। हर कार्यकर्ता अपने घर पर पार्टी का झंडा फहराकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाएगा। यह बातें शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली की बैठक में कही।

उन्होंने स्थापना दिवस को संकल्प और सेवा का प्रतीक बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए निर्णय लिया गया कि वर्तमान में चल रहे मंडल प्रशिक्षण वर्गों में प्रशिक्षण टोली की पूर्ण जिम्मेदारी होगी। शेष बचे मंडलों में कार्यकर्ताओं का रात्रि प्रवास अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक मजबूती और संवाद को बढ़ावा मिल सके।

प्रकाश पाल ने बताया कि 28-29 मार्च को निर्धारित प्रशिक्षण वर्गों में 29 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रशिक्षण सत्र के दौरान सामूहिक रूप से सुना जाएगा, ताकि कार्यकर्ता उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने निर्देश दिया कि स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सभी भाजपा कार्यालयों को बिजली की झालरों और फूलों से सजाया जाए।

उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को जिला, मंडल और बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर स्थापना दिवस को भव्य रूप दिया जाएगा। साथ ही सभी 17 जिलों में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों को संयोजक और सह-संयोजक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, रीता शास्त्री, मोहित सोनकर, हर्ष द्विवेदी, पवन पांडेय, आलोक शुक्ला, सचिन गौड़, अर्शी सुल्तान, सौरभ कमल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story