भाजपा के स्थापना दिवस हर घर पर फहराया जाएगा झंडा : अनिल दीक्षित
कानपुर, 30 मार्च (हि.स.)। भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं है, बल्कि यह हमारे कार्यकर्ताओं के संघर्ष और त्याग का उत्सव है। इस दिन हम हर घर में पार्टी का झंडा फहराकर अपने इतिहास और उपलब्धियों को याद करेंगे। यह बातें सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।
छह अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी अपना 46वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। जिसे लेकर आज भाजपा कानपुर उत्तर की बैठक का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की नींव तो 1925 में रखी गई थी लेकिन छह अप्रैल 1980 को इसकी राजनीतिक स्थापना हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बलिदान और तपस्या को याद करते हुए कहा कि आज केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें उनकी मेहनत का परिणाम हैं।
बैठक में तय किया गया कि पांच से सात अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छह अप्रैल को पार्टी के सभी सदस्य अपने घरों पर भाजपा का झंडा फहराएंगे। जिला कार्यालय और मंडलों के कार्यालयों को स्वदेशी वस्तुओं, फूलों, रंगोली और रोशनी से सजाया जाएगा। प्रेरणा पुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि की जाएगी।
सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों पर चर्चा कर लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। जिले स्तर पर सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रमों के संयोजन के लिए नवाब सिंह, पारस मदान और किरण तिवारी को जिम्मेदारी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

