यूपी में भाजपा की दो तिहाई बहुमत से जीत के लिए वरिष्ठजन संभालें मोर्चा : रेखा वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
यूपी में भाजपा की दो तिहाई बहुमत से जीत के लिए वरिष्ठजन संभालें मोर्चा : रेखा वर्मा


कानपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का रास्ता संगठन की जमीनी सक्रियता से तय होगा। वरिष्ठ नेताओं को अपने अनुभव और प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट करना होगा। सभी वरिष्ठजन जीत का लक्ष्य लेकर जुट जाएं तो उत्तर प्रदेश में पार्टी की दो तिहाई बहुमत से सरकार बन सकती है। यह बातें बुधवार को अशोक नगर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहीं।

उन्होंने कहा कि पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाने में पुराने कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का बड़ा योगदान रहा है। अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे संगठन की मजबूती के लिए फिर सक्रिय हों और चुनाव की तैयारियों में अपनी भागीदारी निभाएं। उनके अनुभव से नए कार्यकर्ताओं को भी दिशा मिलेगी।

बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं कानपुर प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं के सम्मान को संगठन की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को नई पीढ़ी के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए, ताकि संगठन में सभी की भागीदारी बनी रहे।

चुनावी तैयारियों के तहत मतदाता जोड़ो अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की योजना बनाई गई। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 100 युवा और 100 महिला कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। उनकी टीम पात्र लोगों से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही प्रत्येक विधानसभा में 50 सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की टीम तैयार होगी, जिसे साइबर योद्धा के रूप में सक्रिय किया जाएगा। यह टीम पार्टी की गतिविधियों और सरकार की योजनाओं का डिजिटल माध्यमों से प्रचार करेगी।

बैठक की अध्यक्षता अनिल दीक्षित ने की और संचालन अवधेश सोनकर ने किया। इसमें पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश पटेल, रविन्द्र पाटनी, दिनेश राय, दीपू पांडे, सुनील बजाज, विजय सेंगर, डॉ. दिवाकर मिश्रा, राजेंद्र सिंह चौहान, अनूप अवस्थी, शैल शुक्ला, रामजी गुप्ता, विजय वर्मा, हरिराम गौतम, प्रशांत त्रिपाठी, हिमांशु शर्मा, प्रभाकर अवस्थी और सुरेश गुप्ता मौजूद रहे।

महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, सलिल विश्नोई और सुरेश अवस्थी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story