भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिवंगत लाइनमैन परिवार को ढाई लाख रुपये की दी आर्थिक सहायता
मथुरा, 05 अगस्त (हि.स.)। जनपद में विद्युत विभाग के 33 केवी लाइन पर कार्य करते समय हुए विगत दिवस दुखद हादसे में लाइनमैन दीपू का असामयिक निधन हो गया था। इस घटना से बिजली विभाग के कर्मचारियों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना के उपरांत, विद्युत विभाग दक्षिणांचल अध्यक्ष गणेश तोमर, उपाध्यक्ष पंकज शर्मा एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रामकुमार कुंतल के निर्देशन में कर्मचारियों द्वारा मुख्य अभियंता कार्यालय, मथुरा पर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। बुधवार को प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी तत्काल मौके पर पहुँचे और दिवंगत लाइनमैन के पार्थिव शरीर पर शोक व्यक्त किया।
मौके पर मौजूद पीड़ित परिवार और आक्रोशित कर्मचारियों को ढांढस बंधाते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने अपनी ओर से दिवंगत लाइनमैन के परिजनों के लिए ढाई लाख रुपये की नकद सहयोग राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि वे सरकारी सहायता के अलावा मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए पीड़ित परिवार की हरसंभव आर्थिक मदद के लिए आगे आएं, ताकि इस संकट की घड़ी में परिवार को संबल मिल सके। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

