एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में नई पहचान बना रहा है उत्तर प्रदेश : नन्दी

WhatsApp Channel Join Now
एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में नई पहचान बना रहा है उत्तर प्रदेश : नन्दी


पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान में मंत्री नन्दी ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद

प्रयागराज, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की जन-हितकारी नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में नई पहचान बना रहा है, जहाँ नए हवाई अड्डों का निर्माण, पारदर्शी सरकारी भर्तियाँ, गरीबों को मुफ्त राशन और आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा सुशासन का आधार बनी हैं। यह बात रविवार को प्रयागराज के करेलाबाग, मीरापुर स्थित ग्रैंड गार्डन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा।

उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण महा-अभियान न केवल संगठन के वैचारिक आधार को सुदृढ़ करने का माध्यम है, बल्कि कार्यकर्ताओं में नवीन ऊर्जा एवं कर्तव्य-बोध का संचार भी करता है। निश्चित ही, यहां प्राप्त दिशा-निर्देश आगामी समय में जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी और जनोन्मुख बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। मंत्री ने कहा कि किसानों को मिल रही सम्मान निधि और युवाओं के लिए सृजित हो रहे रोजगार के नए अवसरों ने प्रदेश के विकास को एक नई गति प्रदान की है।

दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान कार्यक्रम में मंत्री नन्दी ने संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति के साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार के कल्याणकारी कार्यों एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर संवाद किया।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री बाबूलाल भंवरा, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, मंडल अध्यक्ष गया निषाद, मंडल महामंत्री दीपू द्विवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह, पार्षद साहिल अरोड़ा, राकेश निषाद, पूर्व पार्षद सीलू, नीलेश गौड़ एवं मुकेश निषाद सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story