मोदी के नेतृत्व में चार सौ का आंकड़ा पार करेगी भाजपा : गिरीश चंद्र यादव

मोदी के नेतृत्व में चार सौ का आंकड़ा पार करेगी भाजपा : गिरीश चंद्र यादव
WhatsApp Channel Join Now
मोदी के नेतृत्व में चार सौ का आंकड़ा पार करेगी भाजपा : गिरीश चंद्र यादव


जौनपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के खेलकूद युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा 400 का आंकड़ा अवश्य पार करेगी, क्योंकि अबकी बार जनता फिर से मोदी को चुनने के लिए मन बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भगवामय, भाजपामय और मोदीमय माहौल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब कल्याण के कार्यों के कारण मोदी के प्रति जनता के मन में विश्वसनीयता घर कर गई है। गरीब के जीवन स्तर में सुधार आया है वह ग़रीबी से निकल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में इंडी गठबंधन के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। खुद भ्रष्टाचारी अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि भ्रष्टाचार हटाओ मगर इंडी गठबंधन के नेता कहते हैं कि भ्रष्टाचारी को बचाओ। इंडी गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री मोदी पर चाहें कितने भी हमले कर लें, प्रधानमंत्री मोदी रुकने वाले नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है और मोदी अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिसने देश को लूटा है,उसे तो लौटाना ही पड़ेगा, यह मोदी की गारंटी है। कहा कि इंडी गठबंधन घोटालेबाजों की बारात है, जहां सब देश को लूटना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि उनके भ्रष्टाचार पर कोई चर्चा न हो।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस-आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो इलू-इलू कर रही है, लेकिन पंजाब में हम आपके हैं कौन हो रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता ने साथ में लड़ने से इनकार कर दिया। बिहार में आरजेडी ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर दिए। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर दिए। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी छोड़ कर सांसद और विधायक जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कोई भाव नहीं दे रहा। इनके नेता देश तोड़ने की बात करते हैं लेकिन उस पर एक्शन की बजाय लोकसभा का टिकट देते हैं। ये देश की शक्ति का अपमान करते हैं, लेकिन सब चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि ये शाहजहां शेख जैसे अपराधी पर चुप रहते हैं। ये हिंदू देवी-देवताओं के अपमान पर चुप रहते हैं। ये झूठे आरोप लगाते हैं, लेकिन बाद में माफी मांगते हैं।

उन्होंने कहा कि इनके नेताओं के चेहरे देखिये,हर एक चेहरे पर घोटाले और भ्रष्टाचार का काला धब्बा है। जेल में बंद नेताओं को कोर्ट भी जमानत नहीं दे रही है। सत्येन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया, केजरीवाल और हेमंत सोरेन को भी जमानत नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस को इनकम टैक्स की रिकवरी नोटिस को हाईकोर्ट भी सही ठहरा चुका है। आज कल देश में विपक्षी पार्टियों द्वारा भ्रष्टाचार को मैडल की तरह पेश करने का फैशन चल पड़ा है। उनका भ्रष्टाचार ही उनका शिष्टाचार बन गया है। मामला कोर्ट में हो, तब भी इन सबको चिल्लाना है। कोर्ट में दलीलें काम नहीं आती तो बाहर में हल्ला मचाते हैं। दूसरे पार्टनर समाजवादी पार्टी को सब जानते हैं कि किस तरह से प्रदेश को गर्त में धकेला है। इन्होंने यूपी को भ्रष्टाचार प्रदेश और दंगा प्रदेश बनाया। इन्होंने प्रदेश के संसाधनों को लूटने का समाजवादी मॉडल विकसित कर रखा था। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया इनकी मुख्य नीति थी।

मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कोई भाव नहीं दे रहा है। इंडी गठबंधन की बात करने वाली कांग्रेस पर आकाश से लेकर पाताल तक और आजादी से लेकर आज तक घोटाले के आरोप हैं।

मीडिया के सवाल पर उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी कृपा शंकर सिंह का बचाव करते हुए कहा कि धारा 370 पर कृपा शंकर सिंह ने विरोध किया था और इस धारा को हटाने का समर्थन किया था। यह बात कोई नहीं पूछ रहा है उसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र देकर भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन किया था, उनके अंदर देशभक्ति और समर्पण की भावना है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को जनता नाकार चुकी है। अखिलेश परिवारिक विरासत की राजनीति कर रहे हैं। अखिलेश के शासन में 73 सीटें भाजपा ने जीती थी। अखिलेश की अब दोबारा कभी सत्ता में वापसी नहीं होगी।

अफजल अंसारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित किया है। विपक्ष आरोप लगा रहा है इसकी भी जांच की जाएगी। पार्टी में गठबंधन के मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा दिए गए मुख्तार अंसारी के बयान पर कि वह मसीहा हैं, इस पर उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान है इसका पार्टी से कोई लेना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/राजेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story