विधायक ने गिनाईं विकास योजनाएं, विपक्ष को दी बहस की चुनौती
-प्रशिक्षण से समाज व राष्ट्र सेवा में समर्पित होकर कार्य करेंगे कार्यकर्ता: राजेश शुक्ल
-चाका मंडल की दो दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण का समापन प्रयागराज, 05 अप्रैल (हि.स)। पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी यमुनापार जिले के चाका मंडल की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला रविवार को चक पूरे कलां सारंगापुर में सम्पन्न हुई। कार्यशाला में सात सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
समापन सत्र में करछना विधायक पियूष रंजन निषाद ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को नेतृत्व क्षमता और दक्षता प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने मोदी एवं योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक ने करछना विधानसभा में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में 30 करोड़ की लागत से कम्पोजिट विद्यालय की स्वीकृति मुख्यमंत्री योगी द्वारा दी गई है, जिसमें इंटर तक निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था होगी। उन्होंने चाका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ट्रामा सेंटर में परिवर्तित किए जाने की भी जानकारी दी। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए “48 माह बनाम 48 साल” की तुलना करते हुए विकास कार्यों पर बहस की चुनौती दी।
भाजपा मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला का शुभारम्भ शनिवार को जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने किया था। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और इतिहास की जानकारी होना आवश्यक है, जिससे वे समाज सेवा और राष्ट्र सेवा में समर्पित होकर कार्य कर सकें। द्वितीय सत्र में “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष किसान मोर्चा रमाकांत विश्वकर्मा ने प्रशिक्षण दिया। तृतीय सत्र में “कार्य पद्धति” विषय पर काशी क्षेत्र के ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी सिंह ने मार्गदर्शन किया।
रविवार को चौथे सत्र में “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” विषय पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। पांचवें सत्र में जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने “बूथ प्रबंधन एवं मन की बात” विषय पर बूथ स्तर पर कार्य की बिन्दुवार रणनीति बताते हुए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। छठें सत्र में जिला उपाध्यक्ष सुधाकर पांडेय ने सोशल मीडिया, नमो एप एवं एआई के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।कार्यशाला के शुभारम्भ सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने की। संचालन जिला प्रतिनिधि अमित कुमार पाण्डेय ने किया। विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता जिला मंत्री पृथ्वी पाल सिंह, नागेश्वर निषाद, गौतम भारती, पार्षद बालराज पटेल, संजय पासवान, अनूप भारतीया, मोहित अग्रहरि, आर.के.शर्मा, रामजी निषाद, अंकित पांडेय, बसंत लाल, उमा देवी, हरिकृष्ण, अभिषेक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

