भाजपा ने 209 प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों का किया खण्डन
लखनऊ, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 209 प्रत्याशियों की किसी भी कथित सूची के जारी होने या केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों का सिरे से खंडन किया है। भाजपा ने रविवार को प्रेस—विज्ञप्ति जारी कर इसे पूरी तरह से असत्य, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत करार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर से जारी प्रेसविज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि प्रदेश नेतृत्व या पार्टी द्वारा इस प्रकार की कोई भी सूची तैयार नहीं की गई है।
पार्टी ने अपने बयान में कहा है कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर-आधारित राजनीतिक दल है। यहां विधानसभा या किसी भी अन्य चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की एक अत्यंत सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और पूर्ण संगठनात्मक प्रक्रिया निर्धारित है, जो वर्तमान में प्रारंभ भी नहीं हुई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुछ तत्वों द्वारा पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का वातावरण बनाने के उद्देश्य से यह अफवाह फैलाई जा रही है। भाजपा ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह के तथ्यहीन समाचारों पर किसी भी रूप में विश्वास न करें और केवल पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी होने वाली सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

