भाजपा गोरखपुर क्षेत्र प्रभारी अभिजात मिश्रा का मंगलवार को गोरखपुर में प्रथम आगमन
गोरखपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्र प्रभारी अभिजात मिश्रा का क्षेत्र प्रभारी के रूप में प्रथम गोरखपुर आगमन मंगलवार 11 अगस्त को होगा। वह दोपहर 2 बजे भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा पहुंचेंगे। उनके प्रथम आगमन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं की ओर से उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
गोरखपुर पहुंचने के बाद अभिजात मिश्रा क्षेत्रीय कार्यालय में गोरखपुर क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय करेंगे। इसमें गोरखपुर क्षेत्र के सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा पार्टी के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक में संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के साथ ही आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संगठन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने सोमवार को बताया कि नवनियुक्त क्षेत्र प्रभारी के प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। पार्टी पदाधिकारी इसे संगठन के आगामी कार्यक्रमों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रहे हैं। बैठक में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने तथा आगामी अभियानों की प्रभावी तैयारी पर भी चर्चा होने की संभावना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

