बीजेपी सदैव राष्ट्रहित और जनहित के मुद्दों पर कार्य करती है : अनिल दीक्षित
कानपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हमेशा राष्ट्रहित और जनहित के मुद्दों पर कार्य करती रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने में लगा हुआ है। इसी के विरोध में आज यह प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया है। यह बातें शनिवार को भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।
आज बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कल्याणपुर स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के बाहर विपक्ष का विरोध करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव एवं राहुल गांधी का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
नगर अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष लगातार जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहा है, जिसे भाजपा कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे।
इस दौरान उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं और विपक्ष के भ्रामक प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

