कानपुर चिड़ियाघर में बाइसन की मौत, संघर्ष में पेट में घुसा साथी का सींग

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर चिड़ियाघर में बाइसन की मौत, संघर्ष में पेट में घुसा साथी का सींग


कानपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में शुक्रवार को दो बाइसन (गौर यानी जंगली बैल की एक बड़ी प्रजाति) के बीच हुए संघर्ष में एक की मौत हो गई। आपसी लड़ाई के दौरान एक नर बाइसन ने दूसरे के पेट में सींग से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चिड़ियाघर में बाइसन की संख्या चार से घटकर तीन रह गई है।

प्राणी उद्यान निदेशक डॉ कन्हैया पटेल ने शुक्रवार काे बताया कि आज बाइसन बाड़े में मौजूद दो नर बाइसन अचानक आपस में भिड़ गए। संघर्ष के दौरान एक बाइसन का सींग दूसरे के पेट में लगने से उसे गंभीर चोट आई। हमले के कारण उसके आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचा और काफी खून बह गया। घायल बाइसन को बचाने के लिए उपचार किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्राणी उद्यान के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. नासिर ने मृत बाइसन का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में उसकी मौत का प्राथमिक कारण सींग लगने से आंतरिक अंगों में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव पाया गया। घटना के बाद चिड़ियाघर में बाइसन की संख्या अब तीन रह गई है। इससे पहले यहां चार बाइसन रखे गए थे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story