नाले में गिरकर सात वर्षीय बालक की डूबने स मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा थाना क्षेत्र में शौच के लिए घर से निकला सात वर्षीय बालक पैर फिसलने से बिसाहिल नाले में जा गिरा और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद बालक झाड़ियों में फंसा मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

चित्रकूट जनपद के बनखट गांव निवासी बदलूराम प्रजापति सोमवार सुबह अपनी पत्नी शिवकली और बच्चों के साथ अतर्रा थाना क्षेत्र के लोधौरा गांव स्थित अपने मामा रज्जू प्रजापति के घर एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

सोमवार दोपहर करीब एक बजे बदलूराम का सात वर्षीय पुत्र शिवाय अपनी बहन कमला के साथ घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह बिसाहिल नाले के गहरे पानी में जा गिरा। शिवाय को डूबता देख बहन कमला घबरा गई और दौड़कर घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बालक की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शिवाय घटनास्थल से लगभग पांच सौ मीटर दूर नाले में झाड़ियों के बीच फंसा मिला। परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला और जीवित होने की उम्मीद में तत्काल निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां शिवकली समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिता बदलूराम ने बताया कि शिवाय गांव के एक निजी विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था।

सूचना पर पहुंची अतर्रा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अतर्रा राकेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चे की मौत गहरे पानी में डूबने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story