पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज का धूमधाम से मनाया गया अवतरण दिवस
--संत, महात्मा, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिष्यों ने आरती उतार की दीर्घायु की कामना
प्रयागराज, 01 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय दण्डी सन्यासी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज का 74 वां अवतरण दिवस गुरुवार काे माघ मेला के ओल्ड जीटी रोड पर लगे चरखी दादरी आश्रम में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सभी प्रमुख संत, महात्मा, मेला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या मे शिष्यगण शामिल हुए। तिलक कर आरती उतारी और पुष्प वर्षाकर ईश्वर से दीर्घायु की कामना किया।
अवतरण दिवस समारोह में जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी महेशाश्रम महाराज, अखिल भारतीय दण्डी सन्यासी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री पीठाधीश्वर स्वामी शंकराश्रम महाराज, पीठाधीश्वर स्वामी रामास्वामी (शास्त्री स्वामी) महाराज, समाधि मठ के महंत स्वामी राजेश आश्रम, स्वामी महेन्द्र स्वरुप ब्रह्मचारी, स्वामी योगेन्द्र स्वरूप ब्रह्मचारी, भूरा मठ के महंत ब्रह्मचारी, इलाहाबाद हाईकोर्ट के अभिषेक कुमार तिवारी, शिव सेना प्रदेश सचिव रूचि अभिषेक तिवारी, पूर्व अपर आयुक्त जितेन्द्र कुमार, उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश अध्यक्ष डा हरि प्रकाश यादव सहित बडी संख्या में शिष्यगण शामिल हुए।
शिविर के आचार्य कपिल शास्त्री ने बताया कि पौष पूर्णिमा से शिविर में सुबह पांच बजे से जलपान, चाय, दोपहर से अन्न क्षेत्र देर शाम तक चलेगा। वृन्दावन के आचार्य सदानंद की भागवद कथा सात जनवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। अखिल भारतीय दण्डी सन्यासी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मश्रम महाराज की श्रीमद भागवद कथा 15 जनवरी से दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक कथा होगी। 22 जनवरी से कानपुर के आचार्य सोमदत्त की श्रीमदभागवद कथा दोपहर एक बजे से शुरू होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

