जनजाति गौरव सप्ताह मनाएगी भाजपा, बिरसा मुंडा की जयंती पर होंगे कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में जनजाति गौरव सप्ताह मनाएगी। इसके तहत भाजपा प्रत्येक जिले में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाएगी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होने बाले जनजाति गौरव सप्ताह की तैयारियों के संबंध में गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए कार्यशाला को संबोधित किया।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मोर्चा प्रभारी प्रियंका रावत एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर विद्या भूषण गोंड ने भी कार्यशाला को संबोधित किया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि जनजाति गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से जनजाति समुदाय तक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र को लेकर पहुंचना है और राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक चेतना का संवाहक भी बनना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से अनुसूचित जनजाति वर्ग की सामाजिक, आर्थिक उन्नति एवं राजनैतिक भागीदारी पर चर्चा करना है। उन्होंने मोर्चा पदाधिकारियों संवाद करते हुए कहा कि जनजाति समाज के बीच निरंतर संपर्क और संवाद स्थापित करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्वप्न था कि संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और राष्ट्रवाद के साथ सामाजिक समरसता को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। इसी विचार को अंत्योदय की संकल्पना के रूप में प्रतिष्ठित किया गया।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर विद्या भूषण गोंड ने जनजाति गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर 2026 तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम एवं अभियान आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जनजाति समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान और जनजातीय नायकों के बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। इसी क्रम में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं मोर्चा प्रभारी प्रियंका रावत ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की कार्यपद्धति, दायित्वों और जनजाति गौरव सप्ताह के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हृदय में जनजाति समाज के प्रति विशेष संवेदना, सम्मान और आत्मीयता है। केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के माध्यम से संचालित योजनाएं जनजाति समाज के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण तथा सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान कर रही हैं।

संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुखराम गोंड ने किया। कार्यशाला में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story