तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, महिला घायल
कानपुर, 29 जून (हि.स.)। शिवराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने महिला को अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह दुर्घटना बहरमापुर गांव के सामने नमस्ते इंडिया दूध डेयरी के पास हुई। जब कन्नौज की ओर से आ रही बाइक को पीछे से तेज गति में आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला दूर जाकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलते ही शिवराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां से हालत नाजुक होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल महिला की पहचान शीतल निवासी आलियापुर, पैबंदाबाद, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

