डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
कानपुर, 24 जुलाई (हि.स.) घाटमपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और चालक उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। पीछा करते लोगों को देखकर चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सजेती थाना क्षेत्र के कोरिया गांव निवासी अतुल आज अपनी बाइक से कानपुर जा रहे थे। जब वह घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा चौकी अंतर्गत बरनाव मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डंपर के नीचे फंस गई और चालक वाहन को रोकने के बजाय उसे काफी दूर तक घसीटता रहा। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अतुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने डंपर का पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पतारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
घाटमपुर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर खुशीद अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

