सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत


हाथरस, 15 मई (हि.स.)। क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क हादसे में 38 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक स्विमिंग पूल से नहाकर घर लौट रहा था, तभी एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, थाना बिसावर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती निवासी विनोद पुत्र कल्लो उर्फ कालीचरण वाल्मीकि अपनी बाइक से स्विमिंग पूल से वापस घर जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विनोद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटनास्थल पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायल विनोद को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दु:ख का माहौल छा गया। परिजनों का बुरा हाल है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story