खड़े पिकअप से टकराई बाइक, नाबालिग की मौत, तीन घायल
कानपुर, 06 मई (हि.स.)। नौबस्ता थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क किनारे खराब खड़े पिकअप के पीछे बाइक टकरा गई। हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो चचेरी बहनें और एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि यशोदा नगर एलिवेटेड हाईवे पर एक पिकअप देर रात खराब हो गया था। चालक द्वारा वाहन खराब होने की सूचना एनएचएआई को दी गई थी। चकेरी मवैया के रहने वाले बृजेश गौतम के परिवार में बिधनू के हरबंसपुर गांव में मंगलवार को पारिवारिक कार्यक्रम था।आज उनका बेटा शिवा (17) अपनी बाइक से चचेरी बहन हर्षिता अंशिका व चचेरे भाई दीपक के साथ लौट रहा था, यहीं पर एक पिकअप जो देर रात से खराब खड़ी थी, में उसकी बाइक पीछे से जा भिड़ी। इस हादसे में शिवा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य नाबालिग बच्चे हर्षिता अंशिका व दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

