ब्रेकर पर उछली बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ब्रेकर पर उछली बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत


कानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर घसीटते हुए डिवाइडर से टकरा गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

रावतपुर के गीतानगर निवासी अमन यादव (25) मंगलवार काे बाइक से हाथीपुर जा रहा था। उसके बड़े भाई राम निवास हाथीपुर में किराए के कमरे में रहते हैं और ट्रेन गार्ड हैं। राम निवास का तीन सितंबर को रीजेंसी अस्पताल में स्टोन का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद वह घर लौट आए थे। अमन उनके कपड़े लेने के लिए हाथीपुर जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, अमन तिरंगा चौराहा स्थित 60 फीट रोड से हाथीपुर की ओर जा रहा था। दोपहर में जब वह संजीव नगर स्थित लव पार्क के पास पहुंचा तो उसकी बाइक सड़क पर बने ब्रेकर पर उछल गई। इससे वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। बाइक करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और इसके बाद डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अमन के सिर में गंभीर चोट लग गई। दुर्घटना देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में अमन को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अमन के मौसा इंद्रजीत यादव ने बताया कि वह अपने बड़े भाई के कपड़े लेने के लिए घर से निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द वापस लौट आएगा, लेकिन कुछ ही देर बाद सड़क हादसे की सूचना मिलने से परिवार में मातम छा गया।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story