नई बाइक खरीदने पर दो आईएसआई हेलमेट लेना अनिवार्य, सड़क सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
नई बाइक खरीदने पर दो आईएसआई हेलमेट लेना अनिवार्य, सड़क सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा


जौनपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने के उद्देश्य से सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। अब नई दोपहिया वाहन खरीदने वाले प्रत्येक ग्राहक को वाहन के साथ दो आईएसआई प्रमाणित हेलमेट खरीदना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना और हेलमेट के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। जाैनपुर के एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र सिंह ने बुधवार काे बताया कि सभी दोपहिया वाहन विक्रेताओं को आईएसआई प्रमाणित हेलमेट उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए चालक और पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्तियों का हेलमेट पहनना आवश्यक है। वहीं वेंकटेश हुंडई के अधिष्ठाता मनोज अग्रहरी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक दोपहिया वाहन खरीदार को दो हेलमेट दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेलमेट नि:शुल्क नहीं होंगे, बल्कि वाहन खरीदते समय ग्राहकों को उनका मूल्य भी चुकाना होगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रत्येक यात्रा के दौरान दोनों हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों में कमी लाई जा सके।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story