बरातियों की बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराई, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बरातियों की बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराई, एक की मौत


हमीरपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर कस्बे के एक गेस्ट हाउस से चेचरे भतीजे की शादी में शामिल होने के बाद रविवार की रात करीब 3:00 बजे वापस गांव जा रहे बाइक सवारों की बाइक अनियंत्रित होकर लीणा नाला के रेलिंग से टकरा गई। जिससे चाचा की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

थानाक्षेत्र के विदोखर मेदनी निवासी लालबहादुर पाल ने बताया कि उसके पुत्र शैलेंद्र पाल की बरात कस्बे के कन्हैया गेस्ट हाउस में आई थी। बरात में शामिल होने के लिए उसका चचेरा भाई महेश (26) पुत्र कालीदीन पाल व उसके बुआ का लड़का सभाजीत पुत्र सुंदर पाल बाइक से आए थे। यह दोनों बाइक से ही बिना हेलमेट लगाए गांव वापस जा रहे थे। तभी हाईवे पर लीणा नाला की रेलिंग से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। जिससे महेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके बुआ का लड़का सभाजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों में महेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद सभाजीत को सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि हादसे में एक शख्स की मौत हुई है वहीं दूसरा घायल हुआ है। बताया कि शव कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story