ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक टकराई, युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक टकराई, युवक की मौत


कानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामादेवी-नौबस्ता फ्लाईओवर पर मंगलवार शाम ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

बलराम सिंह मौर्या (40) रतनलाल नगर की कच्ची बस्ती में रहता था। वह अपने सहकर्मी राजा के साथ आज फतेहपुर के खजुआ गांव गया था। दोनों को बैंक में केवाईसी का काम कराना था। दोपहर करीब तीन बजे काम पूरा होने के बाद दोनों ने गांव में शराब पी और बाइक से कानपुर के लिए रवाना हो गए।

राजा के मुताबिक, वापसी के दौरान बलराम तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। हाईवे पर उसकी गति करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी। रास्ते में बलराम ने बाइक से हाथ हटाकर कई बार स्टंट भी किया। राजा ने उसे ऐसा करने से मना करते हुए सावधानी से बाइक चलाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना।

कोयलानगर के पास बलराम ट्रक को ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान बाइक का हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद वह करीब 15 मीटर दूर जाकर डिवाइडर से भिड़ गई।

टक्कर में बलराम के सिर में गंभीर चोट आई। उसने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन उसकी पट्टी नहीं बांधी थी। हादसे के दौरान हेलमेट सिर से निकल गया। राजा ने घायल बलराम के सिर से खून निकलता देख अपने कपड़े से घाव बांधने की कोशिश की और लोगों से मदद मांगी। कुछ देर बाद वह भी बेहोश हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान राजा को होश आया तो उसे बलराम की मौत की जानकारी हुई। बलराम टेनरी में काम करता था। उसकी मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। वह पत्नी अंजू, बेटी छवि और बेटे ध्रुव को पीछे छोड़ गया है।

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि बलराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story