ओवरटेक के दौरान बाइक से भिड़ी बाइक, युवक की मौत
कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने ओवरटेक करने के दौरान टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद टक्कर मारने वाले बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान पनकी के अहिल्याबाई होलकर नगर निवासी हरपाल सिंह सेंगर के इकलौते बेटे मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह (26) के रूप में हुई है। मोहित पैथोलॉजी उपकरणों की ऑडिट का काम करता था। परिवार में उसकी मां श्यामा और दो बहनें मधु व खुशबू हैं।
परिजनों के मुताबिक सोमवार तड़के मोहित अपने क्षेत्र में रहने वाले दोस्त अभिनव के साथ बाइक से शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रामा कॉलेज के सामने एलिवेटेड हाईवे पर पीछे से तेज गति से आ रहे चार-पांच बाइक सवारों के समूह में शामिल एक बाइक सवार ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक मोहित की बाइक से टकरा गई। टक्कर लगते ही मोहित का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। इसके बाद वह डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में मोहित के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसके साथ मौजूद अभिनव भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हेलमेट पहने होने के बावजूद मोहित के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और दोनों घायलों को रामा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिनव का उपचार चल रहा है। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हादसे के बाद फरार बाइक सवारों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

