विकास उड़ान भरने की आस जगी, औद्योगिक नगरी विकसित होगी बिजनौर में

WhatsApp Channel Join Now
विकास उड़ान भरने की आस जगी, औद्योगिक नगरी विकसित होगी बिजनौर में


बिजनौर, १९ मार्च (हि.स.) | उद्योग में पिछड़े बिजनौर के दिन बहुरने की आस जगी है, प्रदेश सरकार के प्रयासों के चलते जनपद बिजनौर में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए औद्योगिक शहर बनाने के प्रयास शुरू हो गए हैं |

जिसके लिए जिला प्रशासन ने औद्योगिक शहर विकसित करने हेतु तहसील बिजनौर तथा नजीबाबाद तहसील के 16 ग्रामों में भूमि अधिग्रहित करने के लिए चिन्हित किया है | इनमें बिजनौर तहसील के सुहाहेड़ी बुजुर्ग, पपावर खुर्द,अलीपुर माखन, उलुकपुर, यूसुफाबाद, बेगमपुर, गजरौला अपचल, मुंढाला तथा नजीबाबाद तहसील के फाजलपुर पर्वत, जहानपुर,वीरपुर ,फैजाबाद, शेरपुर जमाल, तरीकमपुर, सराय बहाउद्दीन, हुसैनपुर सुल्तान कुल सोलह गांव का क्षेत्र योजना में शामिल किया गया है। जिसमें बिजनौर तहसील की 1175 हेक्टर तथा नजीबाबाद तहसील की 734.68 हेक्टर जमीन अधिकृत की जाएगी| कुल मिलाकर 24,000 बीघा भूमि पर विकसित किए जाने पर ये औद्योगिक विकास जनपद के लिए विकास की धुरी साबित होगी। वहीं बड़े स्तर पर जनपद वासियों को रोजगार भी उपलब्ध होंगे |

एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित ने बताया कि अभी प्रस्ताव तैयार किये जा रहे हैं। पूरी तरह तैयार होने पर यूपीडा को यह भेजा जाएगा |

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story