देश की औद्योगिक प्रगति के प्रमुख वाहक हैं युवा उद्यमी : विजय कपूर

WhatsApp Channel Join Now
देश की औद्योगिक प्रगति के प्रमुख वाहक हैं युवा उद्यमी : विजय कपूर


कानपुर, 11 जून (हि.स.)। युवा उद्यमियों को उद्योग और सहकारिता की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें नेतृत्व की नई जिम्मेदारियां देने के उद्देश्य से ‘कोआप. इन्ड. इस्टेट यूथ विंग’ के अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन किया गया। चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि युवा उद्यमी देश की औद्योगिक प्रगति के प्रमुख वाहक हैं और उन्हें बेहतर मंच, संसाधन तथा मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय युवा उद्यमियों के लिए नवाचार, संवाद और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यह बातें गुरुवार को उद्योगपति विजय कपूर ने कहीं।

कोआपरेटिव इस्टेट कार्यालय परिसर में निर्मित नवीन, आधुनिक एवं सर्व-सुविधायुक्त कार्यालय का उद्घाटन एक अनूठी पहल के तहत किसी मुख्य अतिथि के बजाय यूथ विंग के युवा उद्यमी सदस्यों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन विजय कपूर ने सभी युवा उद्यमियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत और सम्मान किया।

विजय कपूर ने कहा कि युवा शक्ति को संगठित कर उद्योग जगत में नई ऊर्जा का संचार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यूथ विंग का गठन युवा उद्यमियों को उद्योग, व्यापार और सहकारिता क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है। नया कार्यालय भविष्य में नियमित बैठकों, औद्योगिक रणनीतियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा बड़े आयोजनों के संचालन का केंद्र बनेगा।

समारोह के दौरान उपस्थित उद्यमियों ने यूथ विंग के इस नए कार्यालय को उद्योग जगत में युवा नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों ने विश्वास जताया कि यह मंच युवाओं को नए अवसर प्रदान करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी नई गति देगा।

कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन सुरेश पुरी, सचिव पंकज गिरधर सहित बड़ी संख्या में युवा उद्यमी उपस्थित रहे। इस दौरान सौम्या टकरू, सृजना मल्होत्रा, दामिनी मिश्रा, कार्तिकेय गर्ग, रोहित नरूला, गगनदीप सिंह लार्ड, करन अरोड़ा, लोकेश पंजाबी, विपुल ईसरानी, कार्तिक कपूर, समनदीप सिंह, गुलशन बाधवा, सुयश गुलाटी, विपुल जैन, सौरभ विरमानी, संदीप अग्रवाल, स्वास्तिक भट्टाचार्य, अमल गुप्ता, वाजिद अली, ईशान यादव, जगदम्बा विश्वकर्मा, सिद्धार्थ गुप्ता, युवराज कपूर समेत बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story