स्थानीय स्तर पर मिलेंगी बड़े शहरों जैसी चिकित्सा सुविधाएं : सतीश महाना

WhatsApp Channel Join Now
स्थानीय स्तर पर मिलेंगी बड़े शहरों जैसी चिकित्सा सुविधाएं : सतीश महाना


कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल आम लोगों के लिए बेहतर इलाज की नई उम्मीद लेकर आते हैं और शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करते हैं। बेहतर तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को बड़े शहरों की तरह सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल पाना अब संभव हो रहा है। यह बातें रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहीं।

80 फिट रोड स्थित डालफिन गंगा हॉस्पिटल के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, प्रांत संघ संचालक भवानी भीख सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने अस्पताल की अत्याधुनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस हॉस्पिटल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस आईसीयू, एनआईसीयू और फुली मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर की व्यवस्था की गई है। यहां सभी प्रकार के इलाज और सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर समग्र उपचार मिल सकेगा।

अस्पताल के निदेशक डॉ. रोहित अवस्थी ने बताया कि यह मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल है, जिसमें 12 बेड का आईसीयू और 15 बेड का एनआईसीयू स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जर्मनी और अमेरिका से आयातित अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जिनमें तीन लेयर हेपा फिल्टर सिस्टम मौजूद है, जिससे संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। सभी कमरों में बेहतर वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग की सुविधा उपलब्ध है।

अस्पताल में अनुभवी स्टाफ के साथ मेदांता के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जो विभिन्न बीमारियों का इलाज करेगी। वहीं डॉ. मंजोलिका ने बताया कि अस्पताल में महिलाओं से सम्बंधित सभी प्रकार के इलाज की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं और शुल्क किफायती व निर्धारित रखा गया है, ताकि हर वर्ग के मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story