इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया से बीडा को मिल रहा बूस्टअप, निवेशकों की बढ़ी रुचि

WhatsApp Channel Join Now
इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया से बीडा को मिल रहा बूस्टअप, निवेशकों की बढ़ी रुचि


झांसी, 18 जून (हि.स)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजना बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडा) अब उत्तर प्रदेश में निवेश का एक बड़ा केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रही है। ग्रीनफील्ड इंडस्ट्रियल सिटी परियोजना के रूप में बीडा को भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद इसके विकास को नई गति मिली है।

पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त होने के बाद बीडा प्रशासन ने परियोजना की पूरी जानकारी इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया को उपलब्ध करा दी है। इसका उद्देश्य देश और विदेश के संभावित निवेशकों तक बीडा की विशेषताओं, उपलब्ध संसाधनों और निवेश अवसरों की जानकारी पहुंचाना है। इस पहल का सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है और कई निवेशकों ने बीडा में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।

इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया निवेश को बढ़ावा देने और निवेशकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन संस्थाओं के माध्यम से बीडा की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंच रही है, जिससे औद्योगिक निवेश की संभावनाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। बीडा अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में यह परियोजना प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल होगी।

बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार खत्री ने गुरुवार काे बताया कि पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया को औपचारिक रूप से सूचित किया गया है। दोनों संस्थाओं के सहयोग से निवेशकों तक प्रभावी पहुंच बनाई जा रही है, जिससे निवेश प्रस्तावों में वृद्धि होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बीडा के विकसित होने से झांसी और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। योगी सरकार का यह ड्रीम प्रोजेक्ट जल्द ही धरातल पर बड़े स्वरूप में दिखाई देने लगेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story