देवरिया में दिव्यांगजनों व छात्राओं को साइकिल वितरण, शिक्षा व आत्मनिर्भरता को मिला बढ़ावा
देवरिया, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के
देवरिया जनपद के बघौचघाट क्षेत्र में रविवार को श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के दीपट्टी परिसर में दिव्यांगजनों और छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और जिलाधिकारी दिव्या मित्तल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने सात दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिलें प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने 28 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं, जिससे उनकी शिक्षा को सुगम बनाने का संदेश दिया गया। साइकिलें पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे, जबकि दिव्यांगजनों ने इसे उनके जीवन को आसान बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
यह कार्यक्रम मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव के सुपुत्र आदित्य श्रीवास्तव के विवाह के शुभ अवसर पर आयोजित प्रीतिभोज के दौरान हुआ। सुरेंद्र श्रीवास्तव ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सात ट्राईसाइकिलें और 28 साइकिलों की व्यवस्था कर एक सराहनीय पहल की।
कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन भी किया। आयोजन की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत बुके और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान उपेंद्र लाल श्रीवास्तव, यति जी महाराज, जोखन शास्त्री, दीपक मिश्र, सतेंद्र लाल श्रीवास्तव, देवेंद्र लाल श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, धनेश श्रीवास्तव, विनय श्रीवास्तव, विवेक राय, जय प्रकाश राय, टुनटुन बाबा, अभय दत्त राय, राजन श्रीवास्तव, सुजीत यादव, मिथलेश शर्मा, असलम हाफिज, सुभाष यादव, मुकेश यादव, प्रभुनाथ तिवारी और नीरज श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार गणेश मिश्रा ने किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

