बीएचयू में ब्रॉड पीक अभियान में शहीद पर्वतारोहियों को भावभीनी श्रद्धांजलि, साहस और समर्पण को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू में ब्रॉड पीक अभियान में शहीद पर्वतारोहियों को भावभीनी श्रद्धांजलि, साहस और समर्पण को किया नमन


वाराणसी, 05 अगस्त (हि.स.)। ब्रॉड पीक अभियान के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पर्वतारोहियों की स्मृति में बुधवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पर्वतारोहण केंद्र में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में पर्वतारोहियों, प्रशिक्षकों, छात्र-छात्राओं और केंद्र के अन्य सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर, पुष्पांजलि अर्पित की तथा मोमबत्तियां प्रज्वलित कर दिवंगत पर्वतारोहियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और पर्वतों के प्रति उनके अटूट प्रेम को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पर्वतारोहण केंद्र के प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ब्रॉड पीक पर अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पर्वतारोही पर्वतारोहण जगत में सदैव सम्मान और प्रेरणा के प्रतीक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा युवा पर्वतारोहियों को निरंतर नई ऊंचाइयों को छूने की प्रेरणा देती रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा में शामिल छात्र पर्वतारोहियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन दिवंगत पर्वतारोहियों के आदर्शों पर चलने और पर्वतारोहण की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story