पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. कर्ण सिंह से मिले बीएचयू के प्रो. विजयनाथ मिश्र, काशी पर हुई चर्चा
—काशी की धार्मिक परंपराओं और बीएचयू के अकादमिक पहलुओं में दिखार्ई रूचि
वाराणसी, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. विजयनाथ मिश्र ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. कर्ण सिंह से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रो. मिश्र ने डॉ. कर्ण सिंह को काशी के आराध्य श्री संकटमोचन महराज (हनुमान जी) का माला और प्रसाद भी भेंट किया।
रविवार को यह जानकारी प्रोफेसर डॉ. विजयनाथ मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व 'सदर-ए-रियासत' और बीएचयू के पूर्व कुलाधिपति रहे डॉ. कर्ण सिंह का काशी से गहरा नाता रहा है। मुलाकात के दौरान उन्होंने बनारस शहर का हाल भी जाना। बातचीत का मुख्य केंद्र काशी के धार्मिक पहलू और यहाँ की सांस्कृतिक विरासत रही। डॉ. सिंह ने काशी की बदलती तस्वीर और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार साझा किए।
—बीएचयू के अकादमिक विकास पर मंथन
प्रो. मिश्र के अनुसार, अध्यात्म के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी गहरी रुचि रखने वाले डॉ. कर्ण सिंह ने बीएचयू के वर्तमान अकादमिक परिदृश्य पर चर्चा की। विश्वविद्यालय में हो रहे नवीन शोध और चिकित्सा क्षेत्र की प्रगति से प्रो. मिश्र ने अवगत कराया। डॉ. सिंह ने महामना की बगिया (बीएचयू) के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए इसके भविष्य के लक्ष्यों पर भी मार्गदर्शन दिया। शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रोफेसर मिश्र के साथ उनकी पत्नी शेफाली मिश्रा और उनकी पुत्री भी मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

