बीएचयू की इंटर-फैकल्टी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तन्मय कुमार ने जीता रजत पदक

WhatsApp Channel Join Now


वाराणसी, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की इंटर-फैकल्टी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में समाजशास्त्र विभाग के अंतर्गत संचालित एम.ए. इन सोशल वर्क कार्यक्रम के विद्यार्थी तन्मय कुमार ने रजत पदक हासिल कर विश्वविद्यालय में अपने विभाग का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर शनिवार को समाजशास्त्र विभाग में हर्ष का माहौल रहा।

तन्मय की सफलता पर एम.ए. इन सोशल वर्क कार्यक्रम के पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. विमल कुमार लहरी ने उन्हें पदक पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने तन्मय को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समाजशास्त्र विभाग के अनुसार, तन्मय कुमार अब तक विश्वविद्यालय की इंटर-फैकल्टी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में चार बार प्रतिभाग कर चुके हैं। इन चार प्रतियोगिताओं में उन्होंने एक स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए हैं। इस वर्ष एम.ए. इन सोशल वर्क के विद्यार्थी के रूप में हासिल किया गया रजत पदक उनके साथ-साथ पूरे सोशल वर्क कार्यक्रम और समाजशास्त्र विभाग के लिए गौरव का विषय है।

तन्मय कुमार की प्रारंभिक शिक्षा राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, धौलपुर, राजस्थान में हुई। विद्यालयीय जीवन से ही उनकी खेलों में विशेष रुचि रही। अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने बास्केटबॉल में अपनी प्रतिभा को निखारा और विश्वविद्यालय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने तन्मय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल खेल एवं शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story