भाषा विवि में बीटेक साइबर सिक्योरिटी कोर्स शुरू, उद्योग सहयोग से मिलेगी आधुनिक तकनीकी शिक्षा

WhatsApp Channel Join Now
भाषा विवि में बीटेक साइबर सिक्योरिटी कोर्स शुरू, उद्योग सहयोग से मिलेगी आधुनिक तकनीकी शिक्षा


लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। लखनऊ की ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की ओर से शैक्षिक सत्र 2026-27 से बी.टेक. साइबर सिक्योरिटी का नवीन पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया जा रहा है। यह कोर्स अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित होगा तथा उद्योग सहयोग के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह पाठ्यक्रम वर्तमान समय की बढ़ती साइबर सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसमें एथिकल हैकिंग, डिजिटल फॉरेंसिक, नेटवर्क सुरक्षा एवं साइबर थ्रेट एनालिसिस जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। क्षेत्र में इस प्रकार का विशेषीकृत पाठ्यक्रम सीमित संस्थानों में ही उपलब्ध है, जिससे यह विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने सोमवार को कहा कि विश्वविद्यालय आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार कर रहा है।

विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन कुमार मिश्रा ने बताया कि साइबर सिक्योरिटी कोर्स विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण और नवीन कार्यक्रम है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बी.टेक. साइबर सिक्योरिटी पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। सीमित सीटों वाले इस पाठ्यक्रम में इच्छुक अभ्यर्थी शीघ्र ही विश्वविद्यालय परिसर स्थित एडमिशन सेल से संपर्क कर सकते हैं अथवा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी विस्तृत जानकारी एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story