हाथरस में प्रदर्शन के बाद भाकियू ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में प्रदर्शन के बाद भाकियू ने सौंपा ज्ञापन


हाथरस, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी से फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने गुरुवार को तहसील में प्रदर्शन किया। मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी, तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा और युवा जिलाध्यक्ष मंगलेश यादव के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी के नाम उप जिलाधिकारी मनीष चौधरी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपने से पहले तहसील प्रांगण में भाकियू पदाधिकारियों और किसानों की एक बैठक हुई। इस बैठक में पिछले सप्ताह हुई लगातार बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान पर विस्तार से चर्चा की गई। किसान नेताओं ने बताया कि खराब मौसम के कारण गेहूं, मक्का और सब्जियों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि कई गांवों में गेहूं की बालियों में पानी भर जाने से दाना गलने लगा है। वहीं, मक्का और सब्जियों की फसलें भी जमीन पर बिछ गई हैं। इस स्थिति ने किसानों को पूरी तरह से तोड़ दिया है। उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है।

भाकियू नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को तत्काल फसल बीमा का मुआवजा दिलाया जाए। इसके साथ ही, जिन किसानों पर बैंकों का कर्ज है, उसे माफ किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों को राहत नहीं मिली तो भारतीय किसान यूनियन किसानों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस दौरान रामवीर सिंह, राजू कुमार, गोदान सिंह, पदम सिंह, रघुवीर सिंह, ओमप्रकाश, दिगंबर सिंह और भीकम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और किसान नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story