चार ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा के लिए अगस्त में भारत गौरव स्पेशल ट्रेन का संचालन
कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की भारत गौरव स्पेशल पर्यटक ट्रेन श्रद्धालुओं को चार ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा कराएगी। आईआरसीटीसी लखनऊ के जॉइंट सेक्रेटरी वायुमंडल चोपड़ा ने शुक्रवार को यह जानकारी पत्रकारों को दी।
चोपड़ा ने बताया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआरसीटीसी उत्तर मध्य रेलवे के सहयोग से 17 अगस्त से 26 अगस्त तक भारत गौरव स्पेशल पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगा। 10 दिन और नौ रात की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को चार ज्योतिर्लिंगों सहित कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर (उज्जैन), ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, साबरमती आश्रम, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और शनि शिंगणापुर सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
आईआरसीटीसी के अनुसार इस विशेष ट्रेन में गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुलतानपुर, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर से बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस संबंध में डिप्टी सीटीएम कानपुर सेंट्रल आकांशु गोविल ने बताया कि कानपुर सेंट्रल से भी यात्री इस विशेष ट्रेन में यात्रा कर सकेंगे।
यात्रा का किराया स्लीपर क्लास के लिए 18 हजार 380 रुपये, थर्ड एसी के लिए 29 हजार 570 रुपये और सेकेंड एसी के लिए 38 हजार 870 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। पैकेज में रेल यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा तथा आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल रहेंगी। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा अधिकृत कार्यालयों के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

