भक्तों ने लगाई श्याम के नाम की मेहंदी
हाथरस, 06 मई (हि.स.)।भक्तों ने लगाई श्याम के नाम की मेहंदी
बिजलीघर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर पर पंचम वार्षिकोत्सव की शुरुआत।
हाथरस। कस्बे में श्री गोवर्धन धाम खाटू श्याम मंदिर का पंचम वार्षिकोत्सव 5 से 7 मई तक आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 'श्याम नाम की मेहंदी' के आयोजन के साथ हुआ। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं ने बाबा खाटू श्याम के दर्शन किए और अपने हाथों पर मेहंदी लगवाई।
मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है। छह मई को निशान यात्रा, 7 मई को शाम 6:15 बजे बड़ी मां के सानिध्य में एक विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी। इसमें समस्तीपुर (बिहार) की प्रख्यात भजन गायिका रश्मि शर्मा और कानपुर के प्रसिद्ध भजन गायक श्रेष्ठ दीक्षित सहित अन्य कलाकार बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस भजन संध्या में भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, प्रसाद, सुरक्षा और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे नगर में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

