श्रीराम नवमी पर लखनऊ में निकली भगवा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
श्रीराम नवमी पर लखनऊ में निकली भगवा यात्रा


लखनऊ, 27 मार्च (हि.स.)। श्री राम नवमी के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में भव्य भगवा यात्रा निकाली गयी। कपूरथला चौराहा पर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों की उपस्थिति में शंखनाद कर भगवा यात्रा का शुभारम्भ किया गया। यात्रा कपूरथला चौराहा से निराला नगर, 8 नंबर चौराहा, डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, हसनगंज थाना, गौतम बुद्ध पार्क, लक्षमण टीला, कोनेश्वर मन्दिर चौराहा, चौक, चरक चौराहा, नक्खास बाजार, रकाबगंज, अमीनाबाद थाना, कैसरबाग चौराहा एवं परिवर्तन चौक होते हुए गोमती तट स्थित खाटू श्याम मंदिर में पूर्ण हुई। यात्रा को लेकर शहर भर में श्रद्धालुओं, विशेषकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां, भजन टोली की प्रस्तुति आकर्षक रही, पुष्प वर्षा, प्रसाद वितरण एवं मंदिर परिसर में भोजन प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गयी थी।

यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी माधवेन्द्र सिंह ने बताया कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ’समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और आध्यात्मिक चेतना’ को सुदृढ़ करने तथा हिन्दू स्वाभिमान को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है।

भगवा यात्रा में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ नीरज बोरा, एमएलसी अवनीश सिंह, एमएलसी अंगद सिंह, एमएलसी अशोक अग्रवाल, उमाशंकर हलवासिया, प्रशान्त भाटिया, महानगर भाजपा अध्यक्ष आन्नद द्विवेदी, अभय उपाध्याय व ललित सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story