भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव का बलिदान इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित: केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव का बलिदान इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित: केशव प्रसाद मौर्य


भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के त्याग से मिलती है ‘राष्ट्र प्रथम’ की प्रेरणा

लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को महान क्रांतिकारी अमर बलिदानी भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव काे उनके बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपमुख्यमंत्री ने अपने कैम्प कार्यालय 7-कालिदास मार्ग पर इन अमर बलिदानियाें के स्मृति-चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। माैर्य ने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए उनका अदम्य साहस, त्याग और बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि इन अमर शहीदों की वीरता गाथा केवल प्रेरणा का स्रोत ही नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के लिए समर्पित जीवन जीने तथा हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करने की शक्ति व साहस भी प्रदान करता है।

मौर्य ने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव का अप्रतिम साहस, अद्वितीय देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवंत रहेगा। उनके आदर्श हम सभी को ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे इन महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभायें।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story