खो-खो के फाइनल में भगत हाउस ने शिवाजी हाउस को हराया
कानपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। खो-खो जैसे खेल विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता के साथ आपसी तालमेल भी विकसित करते हैं। यह बातें शनिवार को शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित इंट्राम्यूरल खो-खो प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कही।
विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में चार हाउस के लगभग 155 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। मुकाबलों की शुरुआत भगत हाउस और आजाद हाउस के बीच हुई, जिसमें भगत हाउस ने 9-8 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में शिवाजी हाउस ने महाराणा हाउस को 13-12 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में भगत हाउस ने शिवाजी हाउस को 6-3 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रभारी संपत्ति प्रो. प्रवीन भाई पटेल, विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडे और इंट्राम्यूरल सचिव अभिषेक मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और टॉस कर किया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत प्रदर्शन में भगत हाउस के प्रांजुल को बालक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ रनर और आकांक्षा यादव को बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ रनर चुना गया। शिवाजी हाउस के पुनीत कुमार ने बालक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ चेजर का पुरस्कार जीता, जबकि महाराणा हाउस की निष्ठा बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ चेजर बनीं। महाराणा हाउस के केशव को सर्वश्रेष्ठ डाइव के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. आरपी सिंह, डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. आशीष कुमार कटियार, सौरभ तिवारी, अश्वनी मिश्रा, मोहित तिवारी, धर्मेंद्र कुमार चौहान और राहुल दीक्षित सहित शिक्षक व प्रशिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

