बेहतर कनेक्टिविटी, सक्षम प्रशासन और जनकल्याण से विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी नई गति : अमरजीत मिश्र

WhatsApp Channel Join Now
बेहतर कनेक्टिविटी, सक्षम प्रशासन और जनकल्याण से विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी नई गति : अमरजीत मिश्र


गांव-गांव पहुंचा रहे मोदी-योगी के विकास की गाथा, भदोही में डटे अमरजीत मिश्र

भदोही, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुंबई के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र इन दिनों भदोही विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से आकर अपने पैतृक गांव गोविंदपुर में पिछले 15 दिनों से डेरा डाले श्री मिश्र विधानसभा क्षेत्र के एक-एक गांव में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक सक्षम एवं जवाबदेह प्रशासन और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में हो रहे प्रयास विकसित भारत के संकल्प को नई गति देंगे।

अमरजीत मिश्र ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश के पास मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश के एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। पांच अंतरराष्ट्रीय और 17 घरेलू हवाई अड्डों, सात शहरों में मेट्रो तथा देश की पहली रैपिड रेल जैसी सुविधाओं ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल आवागमन की सुविधा नहीं हैं, बल्कि ये आर्थिक प्रगति के मजबूत आधार भी हैं। इससे किसानों की उपज को बाजार तक पहुंचाने, उद्यमियों को व्यापार के नए अवसर देने और युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खोलने में मदद मिलती है। विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो।

भाजपा पदाधिकारियों और आम लोगों से किया संवाद

भदोही विधानसभा क्षेत्र में अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान अमरजीत मिश्र अब तक पूर्वमंत्री रंगनाथ मिश्र, भदोही नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अशोक जायसवाल समेत कई मंडल अध्यक्षों, भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारियों और आम नागरिकों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने मंगलवार को भदोही जिला भाजपा के उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के गोपीगंज स्थित आवास पर मिलकर उनसे पार्टी के विस्तार के संबंध में चर्चा की। इसके अलावा गांवों में लोगों से बातचीत के दौरान वे केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों तथा सुशासन के प्रयासों की चर्चा कर रहे हैं। उनका जोर इस बात पर है कि विकास की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

राजनीतिक मर्यादा पर विपक्ष से पूछे सवाल

स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमरजीत मिश्र ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भाषा और विपक्षी नेताओं के राजनीतिक आचरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और गरिमापूर्ण व्यवहार बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।

अमरजीत मिश्र ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सहित भाजपा के अनेक नेताओं ने लंबे समय तक विपक्ष में रहते हुए संघर्ष किया, लेकिन लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक शिष्टाचार को महत्व दिया। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने की राजनीतिक बेचैनी के बजाय विपक्षी नेताओं को लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास, सुशासन और राजनीतिक आचरण के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

श्री मिश्र के अनुसार, भदोही में उनका जनसंपर्क अभियान इसी उद्देश्य से आगे बढ़ रहा है कि मोदी और योगी सरकार के विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे और आम नागरिक विकास की इस यात्रा में अपनी भागीदारी को समझ सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767707 Articles

Share this story