भारी बारिश से फसलों को नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
भारी बारिश से फसलों को नुकसान


हाथरस, 19 सितंबर (हि.स.)। शुक्रवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से खेतों में कटी पड़ी बाजरा की फसल पानी में डूब गई है। इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। बेमौसम बारिश के कारण कटी हुई फसल के सड़ने की पूरी संभावना बन गई है।

पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद दो दिन पहले कुछ राहत मिली थी, जिससे किसानों ने बाजरा की कटाई शुरू कर दी थी। हालांकि, शुक्रवार सुबह 11 बजे से फिर से बारिश शुरू हो गई, जिसने किसानों की चिंता बढ़ा दी।

किसानाें ने बताया कि लगातार बारिश के कारण वे खेतों में कोई काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बेमौसम बारिश से उनकी कटी हुई फसल पूरी तरह से खराब हो सकती है। नौगांव क्षेत्र के किसानाें ने जानकारी दी कि दो दिन पहले बारिश के कारण उन्होंने बाजरा की कटाई रोक दी थी। बुधवार और गुरुवार को धूप निकलने के बाद उन्होंने गुरुवार को कटाई फिर से शुरू की थी, लेकिन शुक्रवार की बारिश ने उनकी कटी हुई फसल को पानी में डुबो दिया। हालांकि, इस बेमौसम बारिश का एक दूसरा पहलू भी है। जिन किसानों के खेत खाली पड़े हैं और वे आलू की फसल की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हुई है। बारिश से मिट्टी में नमी आने के कारण खेतों की जुताई का काम आसान हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766782 Articles

Share this story