मास कम्युनिकेशन में करियर का बेहतर अवसर : डॉ दिवाकर अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
मास कम्युनिकेशन में करियर का बेहतर अवसर : डॉ दिवाकर अवस्थी


कानपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। डिजिटल दौर में कंटेंट की मांग तेजी से बढ़ी है और मास कम्युनिकेशन के माध्यम से छात्र व्यावहारिक कौशल हासिल कर मजबूत करियर बना सकते हैं। यह पाठ्यक्रम उन्हें केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रखता, बल्कि इंडस्ट्री के अनुरूप तैयार करता है। रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता रखने वाले युवाओं के लिए यह क्षेत्र बेहद संभावनाओं से भरा है। यह बातें बुधवार को विभागाध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी ने कही

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के तहत संचालित बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए मजबूत करियर विकल्प बनकर उभर रहा है। डिजिटल युग में सोशल मीडिया, समाचार पोर्टल, यूट्यूब, रेडियो, टेलीविजन, फिल्म, विज्ञापन और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में कुशल कंटेंट क्रिएटर की मांग लगातार बढ़ रही है।

विभागाध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी के अनुसार यह पाठ्यक्रम पूरी तरह प्रायोगिक आधारित है, जिसमें कम्युनिकेशन, जनसंपर्क, विज्ञापन, फिल्म निर्माण, रिपोर्टिंग, कंटेंट लेखन, वीडियो संपादन, एंकरिंग, फोटोग्राफी, ग्राफिक डिजाइनिंग, वेब पेज डिजाइनिंग, एनीमेशन और वीएफएक्स जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। छात्र पढ़ाई के दौरान ही समाचार लेखन, पेज निर्माण, रेडियो कार्यक्रम निर्माण और टीवी न्यूज प्रोडक्शन का अनुभव प्राप्त करते हैं।

विभाग में आधुनिक सुविधाओं के रूप में दादा साहेब फाल्के ऑडियो विजुअल स्टूडियो, मल्टीमीडिया लैब, एडिटिंग सूट, स्मार्ट क्लासरूम, न्यूज पोर्टल, यूट्यूब चैनल, कंप्यूटर लैब, मीडिया लैब और फोटोग्राफी लैब उपलब्ध हैं। इन संसाधनों से छात्रों को वास्तविक मीडिया वातावरण मिलता है और वे पेशेवर स्तर पर तैयार होते हैं।

प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी विभाग के छात्रों को प्रमुख संस्थानों में अवसर प्राप्त हुए हैं, इससे छात्रों को इंडस्ट्री में पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

यह तीन वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसमें पचास सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट में न्यूनतम चालीस प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वार्षिक शुल्क इकतीस हजार दो सौ रुपये निर्धारित है, जो इसे किफायती बनाता है।

इस कोर्स के बाद विद्यार्थी रिपोर्टर, सब एडिटर, टीवी एंकर, रेडियो जॉकी, स्क्रिप्ट राइटर, वीडियो एडिटर, ग्राफिक डिजाइनर, एनिमेटर, फोटो जर्नलिस्ट, वेब रिपोर्टर, विज्ञापन लेखक, जनसंपर्क विशेषज्ञ और कंटेंट क्रिएटर के रूप में करियर बना सकते हैं। इसके अलावा गैर सरकारी संगठनों, सरकारी संस्थानों और कॉर्पोरेट क्षेत्र में भी संचार विशेषज्ञ के रूप में अवसर उपलब्ध हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story