तीन जगहों पर फंदे से लटके मिले तीन शव, बीएड छात्रा समेत दो किशोरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तीन जगहों पर फंदे से लटके मिले तीन शव, बीएड छात्रा समेत दो किशोरों की मौत


बांदा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में बीएड की छात्रा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव में 18 वर्षीय छात्रा का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि बबेरू कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी और एक किशोर ने फांसी लगाकर जान दे दी। तीनों मामलों में सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनाओं के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

कमरे में फंदे से लटका मिला बीएड छात्रा का शव

बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी रामबाबू की बेटी काजल अतर्रा से बीएड की पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह वह मंदिर में पूजा करने गई थी। घर लौटने के बाद उसकी मां अनीता अपनी परचून की दुकान खोलने चली गई, जबकि पिता ई-रिक्शा चलाने के लिए निकल गया। घर के छोटे बच्चे भी स्कूल चले गए थे। इसी दौरान काजल कमरे में चली गई।

करीब आधे घंटे बाद मां दुकान से घर लौटी तो कमरे में बेटी का शव फंदे से लटका देखकर उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काजल तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिजनों के मुताबिक, उसके आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं है।

बबेरू में किशोरी की मौत से परिवार में मचा कोहराम

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मरका रोड निवासी रामलखन की 15 वर्षीय बेटी देवकी ने भी घर के अंदर फांसी लगा ली। बताया जाता है कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो घर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। देवकी दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थी। बेटी की मौत से मां माया का रो-रोकर बुरा हाल है।

बबेरू के देवरथा गांव में किशोर ने दी जान

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के देवरथा गांव निवासी राजेश वर्मा के 17 वर्षीय बेटे हिमांशू वर्मा का शव सोमवार रात घर के बाहर बबूल के पेड़ से लटका मिला। मंगलवार सुबह परिजनों की नजर शव पर पड़ी तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी

बबेरू कोतवाली प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया कि दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटनाओं की जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं, बिसंडा की घटना में भी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। तीनों घटनाओं में आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760371 Articles

Share this story