मुविवि में बी.एड एवं बी.एड स्पेशल एजुकेशन प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 से

WhatsApp Channel Join Now
मुविवि में बी.एड एवं बी.एड स्पेशल एजुकेशन प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 से


प्रयागराज, 24 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा सत्र 2026-27 के सापेक्ष बी.एड एवं बी.एड स्पेशल एजुकेशन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। अभ्यर्थी 27 जून से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ूूूण्नचतजवनण्ंबण्पद पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश, पात्रता मानदंड, शुल्क विवरण एवं महत्वपूर्ण तिथियां विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने प्रवेश प्रक्रिया का शुभारम्भ करते हुए कहा कि, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में अध्यापक शिक्षा कार्यक्रम पर अत्यधिक बल दिया गया है। शिक्षकों की गुणवत्ता ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण अध्यापक तैयार करना है जो समावेशी शिक्षा की अवधारणा को सशक्त कर सकें। दोनों कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद एवं भारतीय पुनर्वास परिषद से मान्यता प्राप्त हैं। ये कार्यक्रम मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा पद्धति द्वारा संचालित किए जाते हैं, जिसमें शिक्षार्थियों की सुविधा एवं लचीलेपन का विशेष ध्यान रखा गया है।

इस अवसर पर प्रवेश परीक्षा आयोजन एवं संचालन समिति के समन्वयक शिक्षा विद्या शाखा के निदेशक प्रोफेसर पी.के स्टालिन ने कहा कि शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम में प्रवेश के लिए यह शिक्षार्थियों के समक्ष एक सुनहरा अवसर है. शिक्षार्थी अन्य कार्य अथवा दूसरे शैक्षिक कोर्स में प्रतिभाग करते हुए भी इस कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रवेश परीक्षा एवं नामांकन से संबंधित विशेष सूचनाएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध बी.एड. एवं बी.एड. स्पेशल एजुकेशन की प्रवेश विवरणिका से प्राप्त की जा सकती हैं। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय से आवेदन पूर्ण कर लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story