आईआईआरएफ 2026 में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में बीबीएयू का 19वां रैंक

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 03 जून (हि.स.)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) 2026 में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में 19वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बुधवार काे सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के अग्रणी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्थान प्राप्त करना संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुसार यह सफलता शिक्षा, अनुसंधान और संस्थागत विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है तथा भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय शिक्षा एवं नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

आईआईआरएफ रैंकिंग में संस्थानों का मूल्यांकन अनेक मानकों पर किया जाता है, जिनमें प्लेसमेंट प्रदर्शन, शिक्षण एवं अधिगम संसाधन, अनुसंधान की गुणवत्ता और प्रभाव, उद्योगों के साथ सहभागिता, करियर सहायता सेवाएँ, भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयारी तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की प्रतिष्ठा जैसे पहलू शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में बीबीएयू के बेहतर प्रदर्शन ने उसे यह सम्मानजनक स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वर्ष 1996 में स्थापित बीबीएयू ने शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता बनाए रखने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। आईआईआरएफ 2026 की यह रैंकिंग विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रशासनिक तंत्र के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आईआईआरएफ 2026 में प्राप्त यह उपलब्धि बीबीएयू की प्रतिष्ठा को और मजबूत करती है तथा इसे देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल करती है। विश्वविद्यालय भविष्य के सक्षम नेतृत्व का निर्माण करने और समाज के समग्र विकास में योगदान देने के अपने उद्देश्य के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की स्थापना वर्ष 1996 में लखनऊ, उत्तर प्रदेश में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय के रूप में की गई थी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना है। लखनऊ एवं अमेठी स्थित इसके दो परिसरों में विभिन्न विषयों के स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। साथ ही, आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति और वित्तीय सहायता योजनाएँ भी उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे समावेशी शिक्षा के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story