स्थापना दिवस पर बस्ती सम्पर्क अभियान चलाएगी भाजपा
लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस समारोह बूथ स्तर पर मनाएगी। छह अप्रैल काे पार्टी के सभी जिला कार्यालयों पर ध्वजारोहण होगा और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। स्थापना दिवस को लेकर जिला कार्यालयों को सजाया जाएगा। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ता अपने—अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लहराकर स्थापना दिवस मनाएंगे। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। जिलास्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने शनिवार को बताया कि छह अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच बस्ती सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी गांवों में जाकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसके अलावा लाभार्थियों से संवाद करेंगे व सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही भाजपा की विकास यात्रा पर चर्चा करेंगे। इस संबंध हर जिलों में तैयारी बैठकें की गयी हैं। राजधानी लखनऊ के निरालानगर स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर भी पदाधिकारियों और अभियान से जुड़े दायित्वधारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की गयी। उल्लेखनीय है कि भाजपा अपने स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी में जुटी है। पार्टी नेतृत्व इस उत्सव के माध्यम से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का भी कार्य करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

